आबूलेन में एक मकान में चल रही पार्टी से लौट रहे थे तीन युवक, पुलिस को देखकर भागे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आबूलेन में चोरी के शक में पकड़े गए तीन युवकों का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया। जिस घर में पार्टी चल रही थी, वहां पुलिस ने जांच पड़ताल की तो कोई जुए से संबंधित सामग्री नहीं मिली।
मूल रूप से आबूलेन में रहने वाला एक युवक जर्मनी में अपने परिवार के साथ शिफ्ट हो गया। वह अपने परिवार के साथ मेरठ में लंबे समय बाद आया था। जिसके चलते उन्होंने अपने घर पर एक पार्टी का आयोजन बृहस्पतिवार को किया। जिसमें शराब पीकर लोग जश्न मना रहे थे।
सीओ कैंट संजय गुप्ता ने बताया कि रात को सदर बाजार पुलिस को सूचना मिली कि शराब पीकर कुछ युवक हुड़दंग मचा रहे हैं। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो तीन युवकों को घर से बाहर आते हुए देखा। पुलिस को देखकर उन्होंने भागना शुरू कर दिया। चोरी के शक में पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ लिया और सदर बाजार थाने लेकर पहुंची। जिन्होंने पूछताछ में बताया कि वह पार्टी में शामिल होने के लिए आए थे। वह पुलिस को देखकर डर गए। इसलिए भाग गए। पुलिस ने अनुज, लक्ष्य निवासी सदर समेत तीन का का शांतिभंग में चालान कर दिया है। सीओ ने बताया कि कोई भी जुए से संबंधित सामग्री पुलिस को घर पर नहीं मिली।