कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के हाईवे पर मंगलवार को स्कूली छात्रों का पांच कारों से स्टंट करने वालों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस स्टंट करने वालीं पांच में से सिर्फ एक कार को ही पकड़ सकी है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे है।
हाईवे पर कार व बाइक सवार स्टंट कर पुलिस को चुनौती देते है। पुलिस कार्रवाई के नाम पर प्राथमिकी दर्ज कर खानापूर्ति कर देती है। मंगलवार सुबह पांच कारों में सवार 25 से अधिक स्कूली छात्राें ने रोहटा रोड से लेकर हाईवे तक घंटों जमकर उत्पात मचाया था। छात्र तेज रफ्तार कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट कर रहे थे। छात्रों की इस हरकत से अन्य वाहन चालकों में दहशत फैल गई थी साथ ही हाईवे पर जाम भी लग गया था। रोहटा रोड से लेकर देहरादून हाईवे तक छात्र उत्पात मचाते रहे लेकिन पुलिस कहीं नजर नहीं आई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। हालांकि देर शाम पुलिस ने एक कार की पहचान करते हुए चालक गुरुदेव शर्मा को पकड़ लिया था लेकिन अन्य कार और उसमें सवार छात्र 24 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि पुलिस की दो टीम अन्य कार सवारों की पहचान की कोशिश कर रही है।