मेरठ। शहर 77 दिन बाद अनलॉक हुआ। शनिवार दिन भर पुलिस व्यापारियों से अपील करती रही कि कोरोना से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंस बनाकर रखें। हालांकि शहर का अधिकांश इलाका शनिवार को बंद रहा। जिसके चलते पुलिस को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। पुलिस के अनुसार सभी बाजार एक साथ खुलने के बाद सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराना चुनौती होगा। इसके लिए व्यापारियों और जनता को खुद भी जिम्मेदारी समझकर सावधानी बरतनी होगी।
शनिवार को सशर्त बाजार खुलने पर पुलिस ने कोटला, खैर नगर व सदर बाजार समेत कई बाजारों की वीडियोग्राफी कराई। बाजारों में भीड़ देखकर चिंता भी रही कि सोशल डिस्टेंस का पालन कैसे कराया जाए। पुलिस ने व्यापारी नेताओं से फोन पर बात कर कहा कि बाजारों में सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के लिए व्यापारी खुद भी रणनीति बनाएं। सदर बाजार, देहलीगेट, टीपीनगर, गंगानगर समेत कई थानेदारों ने सड़क पर ही व्यापारियों के साथ मीटिंग की। व्यापारियों ने पुलिस को भरोसा दिया कि सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए सभी व्यापारी अपनी दुकान खोलेंगे। सैनिटाइजर और मास्क भी दुकान पर उपलब्ध होंगे। पुलिस ने व्यापारियों को दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी। खासतौर पर सराफा व्यापारियों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के नंबर भी वितरित किए गए हैं।
आज से मुस्तैद रहेगी पुलिस फोर्स
बाजार में आज रविवार से पुलिस मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करेगी। पुलिस का कहना है कि शनिवार को काफी बाजार नहीं खुले। व्यापारियों को जानकारी नहीं थी कि प्रशासन ने कई जगहों पर अनलॉक किया है। रविवार से पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा नई गाइडलाइन के अनुसार शहर का काफी हिस्सा खोलने की बात कही गई है। जिस पर पुलिस ने भी पूरी तैयारी कर ली। रविवार को बाजार में पुलिस फोर्स मुस्तैद रहेगी।
पुलिस के लिए चुनौती
सोशल डिस्टेंस का पालन कराना पुलिस के लिए चुनौती है। अनलॉक बाजार में पुलिस मुस्तैदी के साथ ड्यूटी कर सोशल डिस्टेंस का पालन कराएगी। इसको लेकर शनिवार को शहर के बड़े व्यापारियों से वार्ता की गई है। -अजय साहनी, एसएसपी