- छात्रा की अपहरण कर हत्या का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र में रह रही बीए की छात्रा को अगवा कर रोहटा क्षेत्र में हत्या के मामले में शुक्रवार को पुलिस बयान दर्ज कराने उनके पैतृक गांव पहुंची। पुलिस टीम यहां ढाई घंटे तक रुकी रही लेकिन छात्रा के पिता ने स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण बयान दर्ज नहीं कराए।
इस मामले में छात्रा के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि उनकी बेटी बीए अंतिम वर्ष की छात्रा थी। 15 मई को वह परीक्षा देने के लिए गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। उसका फोन स्विच ऑफ था। इसकी सूचना उन्होंने रात को ही टीपीनगर थाना पुलिस को दी थी। उन्होंने एक युवक पर शक जाहिर करते हुए अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस ने इस मामले में अगले दिन गुमशुदगी दर्ज की थी। 17 मई को छात्रा का शव रोहटा थाना क्षेत्र के गांव उकसिया के ईख के खेत में मिला था। पुलिस ने इस मामले में कल्याणपुर गांव निवासी अंकुश और खेत मालिक आदेश को गिरफ्तार कर खुलासा किया था।
पुलिस का कहना था कि अंकुश ने पूछताछ में बताया कि उसके छात्रा से संबंध थे। वह उससे शादी करना चाहता था। शादी से इन्कार करने पर उसने छात्रा की गला दबाकर हत्या कर दी। इस घटना की जानकारी आदेश को भी थी। इसके बावजूद उसने पुलिस को सूचना नहीं दी। इसके चलते उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हालांकि छात्रा के पिता ने इस मामले में एसपी देहात और एडीएम को ज्ञापन देकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इस मामले में छात्रा का जाति प्रमाण पत्र पुलिस को नहीं सौंपने के कारण अभी एससीएसटी एक्ट की धारा भी नहीं बढ़ाई गई है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि टीपीनगर थाना पुलिस बयान दर्ज करने के लिए उसके पैतृक घर गई थी लेकिन पिता का स्वास्थ्य खराब होने के कारण बयान दर्ज नहीं हुए हैं।