बदमाशों ने इसी घर में डाली डकैती
- फोटो : अमर उजाला
नागल थाना क्षेत्र के गांव उमाही मोड़ के निकट हाईवे पर उमाही निवासी हाजी आबिद के खेत हैं। जहां सड़क पर उसने ढाबा बना कर रुड़की निवासी इरफान को किराये पर दिया हुआ है। ढाबे के ऊपर दो कमरे बने हैं जो उसने बिजनौर निवासी एक ठेकेदार को किराए पर दे रखे हैं।
इसमें ठेकेदार सहित उसके 19 मजदूर रह रहे थे। ढाबे के पीछे आम के बाग में आबिद का बेटा जाकिर मकान बना रहा है। उसने भी बिजनौर निवासी शराफत को मकान किराये पर दिया हुआ था।
शराफत के साथ 22 लोग रह रहे थे। दोनों ठेकेदार क्षेत्र के किसानों से गेहूं खरीद कर मंडी में बेचने का कार्य करते हैं। ढाबा मालिक इरफान ने बताया कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे कार से छह लोग ढाबे पर आए। इनमें से दो लोग पुलिस की वर्दी में थे, जो पिस्टल भी लगाए थे। सभी ने ढाबे पर चाय पीने के बाद बाग में रह रहे ठेकेदार शराफत के लोगों पर धावा बोल दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने उनके पास से नौ लाख रुपये लूट लिए और विरोध करने पर पिटाई की। शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए। वारदात की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
वारदात के बाद सोमवार सुबह दोनों ठेकेदार अपने मजदूरों और सामान सहित यहां से कहीं चले गए। इस मामले में थाना प्रभारी सत्येन्द्र सिंह राय ने बताया कि मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। फिर भी जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
एसएसपी, दिनेश कुमार ने बताया कि ये आरोपी आगरा से चले और यहां वारदात को अंजाम दिया। सहारनपुर में इन लोगों ने यह पहली वारदात की है। जांच-पड़ताल में सामने आया है कि आगरा जीआरपी में इन्होंने खुद को ऑन ड्यूटी दिखाया है। इनका इरादा रात्रि में लूट के बाद वापस जाने का था। इन्हें आगरा से गिरफ्तार किया है। यहां से इन्हें कार्रवाई के बाद देवबंद जेल भेजा जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/