पुलिस ने चाची भतीजी को गिरफ्तार कर एक ऐसे गिरोह का भंड़ाफोड़ किया है जो बड़े ही शातिराना अंदाज में लूट जैसी वारदात को अंजाम देते थे। दोनों महिलाओं ने कई वारदातों का खुलासा किया।
बसों में सफर के दौरान लोगों के जेवर और अन्य सामान चोरी करने वाले बावारिया गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह की सदस्य चाची भतीजी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेवर, चार मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार महिलाओं के रिश्तेदार तीन सदस्य अभी फरार हैं।
पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि देहली गेट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर में वाहनों (बस और ऑटो) में चोरी करने वाला अलीगढ़ का एक गिरोह सक्रिय है। इसमें महिलाएं भी शामिल हैं। रविवार शाम को केसरगंज चौकी के पास पांच संदिग्धों की पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन तीन लोग भाग गए जबकि दो महिलाओं को पुलिस ने पकड़ लिया। इनमें किरण पत्नी सुरेंद्र यादव निवासी नंगला कलार बन्ना देवी अलीगढ़ और बिट्टू पुत्री राजवीर निवासी नंगला कलार थाना बन्ना देवी अलीगढ़ हैं। बिट्टू रिश्ते में किरन की भतीजी है। किरन का पति सुरेंद्र, अजय और उसकी पत्नी मंजू मौके से भाग गए।
हुए कई खुलासे
पुलिस ने किया गिरोह का भंड़ाफोड़
साथ में छोटा बच्चा लेकर चढ़ती है वाहनों में
एसपी सिटी के अनुसार जिस वाहन में इन्हें वारदात करनी होती है, उसमें किरण और बिट्टू सवार हो जाती हैं। उनके साथ एक छोटा बच्चा होता है। किरण का पति सुरेंद्र, साथी अजय और उसकी पत्नी मंजू पीछे ऑल्टो में सूटबूट पहनकर चलते हैं। वाहन में किरण या बिट्टू बच्चे को पीटने, पानी डालने आदि के विवाद का ऐसा ड्रामा करती हैं कि लोगों को ध्यान बंट जाता है। इस दौरान दूसरी महिला लोगों के बैग से जेवर, कीमती सामान चोरी कर लेती है। मौका लगने पर महिलाओं के गले की चेन भी साफ कर देती हैं। यदि कहीं पकड़ी जाएं तो पीछे कार में चल रहे सुरेंद्र ,अजय और मंजू भी वहां आ जाते हैं और लोगों को समझाबुझाकर उन्हें छुड़ा लेते हैं।
मंजू करती है पैरवी
पुलिस के अनुसार गिरोह शहर बदलता रहता है। मंजू जींस टॉप पहनकर रहती है। कहीं बात बिगड़ने पर ये अपने साथियों की पैरवी कर उन्हें छु़ड़ाने के पूरे प्रयास करती है।
मोबाइल लेने पहुंचे लोग
बकौल पुलिस दोनों महिलाओं से बरामद सामान में दो मोबाइल और कुछ सामान सदर और सिविल लाइन थाना क्षेत्र से चोरी हुए थे। दो लोगों ने थाने पहुंचकर मोबाइल की पहचान कर ली। एसओ देहली गेट मिथलेश उपाध्याय के अनुसार दोनों ही घटनाओं की रिपोर्ट पीड़ितों ने दर्ज नहीं कराई थी। इसलिए देहली गेट थाने में रविवार को ही इनकी रिपोर्ट दर्ज की गई। एसओ के अनुसार बाकी मोबाइल के मालिकों का पता लगाया जाएगा। पकड़ी गई महिलाओं से एक अंगूठी, एक झुमका, सात पाजेब, 17 बिछुए, एक चांदी का लाकेट, एक चांदी का साड़ी का दल्ला और चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस ने इनके पास से एक सोने की अंगूठी, झुमका व अन्य चीजें बरामद की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और बाकी आरोपियों को पकड़ने की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि ये महिलाएं काफी समय से ऐसी वारदातों को अंजाम दे रही थी। ये सभी अलीगढ़ के रहने वाले है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/