-आरोपी के पास से दो आधार कार्ड, मोबाइल व बैग हुआ बरामद
- दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था, केंद्र के बाहर ही जांच में पकड़ा गया
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश कांस्टेबल नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचे बिहार प्रांत के जनपद नालंदा निवासी फर्जी अभ्यर्थी संतोष कुमार को नौचंदी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आधार कार्ड और प्रवेश पत्र में छेड़छाड़ कर वास्तविक अभ्यर्थी एटा निवासी चंद्रपाल सिंह के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद कर प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस चंद्रपाल सिंह की तलाश लग गई है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बुधवार को गढ़ रोड स्थित राम सहाय इंटर कॉलेज में कांस्टेबल परीक्षा की द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान चेकिंग की जा रही थी। परीक्षा केंद्र पर पहुंचे आरोपी संतोष कुमार के दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ और दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी संतोष एक अन्य अभ्यर्थी चंद्रपाल सिंह के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था।
एसपी के अनुसार, आरोपी ने आधार कार्ड और पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र में फोटो व अन्य विवरणों में कूटरचना कर खुद को अभ्यर्थी दर्शाने की कोशिश की थी। हालांकि जांच टीम की सतर्कता के चलते उसका प्रयास सफल नहीं हो सका और उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ नौचंदी थाने पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में कोई गिरोह या अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है। एसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार आज आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
-