- विगत महीने जमानत पर जेल से बाहर आया था गैंगस्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र के कसबा करनावल निवासी गैंगस्टर उधम सिंह एक बार फिर पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। उन्नाव जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद से वह लगातार गायब चल रहा है। एसएसपी अविनाश पांडे ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस और एसटीएफ की टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि उधम सिंह रंगदारी मांगने व धमकाने के मामले में जेल में बंद था। कुछ समय पूर्व उन्नाव जेल से जमानत पर रिहा होकर बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने न तो पुलिस से संपर्क किया और न ही अपने घर पर दिखाई दिया। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। कई स्थानों पर दबिश देने के बावजूद गैंगस्टर का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर उसे फरार घोषित करते हुए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया। उधम सिंह पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम लंबे समय से सक्रिय अपराधियों में शामिल रहा है। क्षेत्र में उसका आपराधिक नेटवर्क होने की भी चर्चा है। पुलिस को आशंका है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। एसएसपी के आदेश के बाद अब जिले की कई टीमों को उसकी गिरफ्तारी में लगाया गया है। सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद भी ली जा रही है। पुलिस आरोपी के करीबी लोगों और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।
-