सरधना। गांव छुर में मारपीट के दौरान पीड़ित का कान काटने वाले आरोपियों को पुलिस द्वारा छोड़े जाने का आरोप है। पीड़ित युवक ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत करते हुए साठगांठ करने और जांच में अंग भंग की धारा हटाने का आरोप लगाया है। थाना पहुंचकर पीड़ित ने पुलिस से इसका विरोध जताया और एसएसपी से शिकायत करने की बात कही।
गांव छुर निवासी अनुज तालियान पुत्र राजवीर सिंह ने बताया कि दो-तीन पूर्व वह रात में ड्यूटी के बाद अपने घर जा रहा था। वह गांव में पहुंचा तो तीन युवकों ने उसे रोक लिया। उसके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से उसका कान काट दिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया।
आरोप है कि मुल्हेड़ा चौकी पुलिस ने दोनों आरोपियों से साठगांठ करते हुए उन्हें छोड़ दिया। साथ ही पुलिस ने अजय, विशाल व आकाश के खिलाफ हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जबकि अंग भंग की धारा हटा दी गई। पीड़ित अनुज ने एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि मेडिकल के आधार पर धारा बढ़ाई जाएगी। मामले की जांच कराई जा रही है।