मुंडाली (मेरठ)। मुंडाली थानांतर्गत मेरठ-गढ़ मार्ग पर मऊखास एवं सिसौली के बीच रास्ते में कार चालक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार का सिर सड़क पर जाकर लगा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। जनपद रामपुर के गांव अट्टा निवासी जीशान (26) पुत्र फहीम बाइक पर सवार होकर मेरठ से गढ़मुक्तेश्वर की तरफ जा रहा था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह मऊखास और गांव सिसौली के बीच पहुंचा तो सामने आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जीशान सड़क पर जाकर गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने हेलमेट नहीं पहना था। उसका सिर सड़क में जाकर लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जीशान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी जेब से मिले कागजात के आधार पर परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। हादसे के बाद चालक अपनी कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।