सीओ बोले- शहजाद अपराधी किस्म का व्यक्ति, उसके सभी आरोप निराधार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव जिसोरा निवासी व्यक्ति ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बीते दिनों मुंडाली थाना पुलिस ने गांव जिसोरा निवासी शहजाद को गांव सिसौली के पास से एक तमंचा सहित गिरफ्तार किया था। इस मामले में शहजाद द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि मुंडाली थाना का एक दरोगा उसे बहका फुसलाकर घर से अपनी फैंटम बाइक पर लेकर थाने ले आया और जबरन हवालात में बंद कर दिया। इसके बाद उसे गांव सिसौली के पास रिंग रोड से अवैध तमंचा रखने के आरोप में गिरफ्तार दिखाकर उसका चालान किया गया। आरोप है कि उसे घर से लेकर जाते हुए दरोगा सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहे हैं। शहजाद ने शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की तथा झूठी कार्रवाई करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सीओ किठौर सौम्या अस्थाना का कहना है कि आरोपी शहजाद शातिर किस्म का बदमाश है, जिस पर मुंडाली थाने में ही 19 से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। इन्हीं के मामले में शहजाद को थाने लाया गया था और शाम के समय छोड़ दिया था। इसके अगले दिन शहजाद को अवैध तमंचे सहित दरोगा ने गिरफ्तार किया गया था। शहजाद के लगाए गए आरोप पूर्णतः निराधार हैं। यदि उसके द्वारा कोई शिकायत की गई है और उनके पास कोई जांच के आदेश आते हैं तो निष्पक्षता पूर्ण मामले की जांच की जाएगी।