फर्जी चेक लगाकर ट्रांसपोर्टर के बैंक खाते से 63.60 लाख रुपये उड़ाने का मामला एसएसपी ऑफिस पहुंचा। एसएसपी ने जानी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर तुरंत साइबर सेल को जांच करने के निर्देश दिए। जालसाजों ने पैसा दिल्ली में पीएनबी शाखा में ट्रांसफर कराया, जहां से उन्होंने आसानी से निकाल लिया। यह मामला बुधवार का है।
जानी के मूल निवासी अमित चौधरी परिवार के साथ नवल विहार, टीपीनगर में रहते हैं। उनका टीपीनगर में ट्रांसपोर्ट का काम है। 20 दिन पहले अमित ने अपना एक घर बेचा था। जिसकी रकम जानी कस्बा स्थित पीएनबी शाखा में जमा की थी। 24 मई को उनके दोनों सिम अचानक बंद हो गए। जिस पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया। सोमवार को अमित ने तीन चेक लगाए, जिसमें दो चेक बाउंस हो गए।
मंगलवार को अमित पीएनबी शाखा जानी पहुंचे तो पता चला कि उनके अकाउंट से 63.60 लाख रुपये निकाले गए हैं। इसकी जानकारी लगने पर अमित के होश उड़ गए। बैंक मैनेजर ने बताया कि उनका पैसा दिल्ली में पीएनबी शाखा में ट्रांसफर हुआ है। बुधवार को इसकी शिकायत अमित ने एसएसपी से की। एसएसपी ने तुरंत जानी थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
24 से 31 मई तक निकली रकम
खाते से उड़ाए 60 लाख
साइबर सेल प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि दिल्ली में फर्जी चेक लगाकर सारी रकम 24 से 31 मई तक ट्रांसफर कराई गई। जहां से आरोपी ने कैश निकाला। जिन चेकों से रकम निकली है, वह चेक अमित के पास भी हैं। क्योंकि बैंक ने उनको 25 चेकों की चेक बुक दी थी। जिसमें सिर्फ तीन चेक इस्तेमाल किए है। जिसमें दो बाउंस हो गए।
साइबर सेल जांच में जुटी
इस मामले की जांच पड़ताल में साइबर सेल जुट गई है। साइबर सेल प्रभारी का कहना है कि बैंक की डिटेल आ चुकी है। दिल्ली में किस बैंक में पैसा ट्रांसफर हुआ है, इसका भी पता चल गया। दिल्ली स्थित बैंक से पैसा कैसे और कहां गया, इसकी जांच बृहस्पतिवार को की जाएगी। दिल्ली में राजू नाम से अकाउंट खुला है, इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी। जल्द ही इस ठगी का खुलासा हो जाएगा।
जल्द पकड़ा जाएगा आरोपी
एसएसपी जे. रविंदर गौड़ का कहना है कि ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर जानी थाने में केस कराया है। साइबर सेल इस मामले की जांच में जुटी है। लाइन सही मिली तो ट्रांसपोर्टर का पैसा जल्द ही वापस होगा और आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/