शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने गणेशपुर पहुंचकर प्रस्तावित हेलीपैड और सभा स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ सीडीओ सुमित राजेश महाजन और एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने एनएचएआई की दिल्ली से आई टीम के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी मनोहरपुर के पास नेशनल हाईवे स्थित रेस्ट एरिया का निरीक्षण करने पहुंचे। माना जा रहा है कि यहां प्रधानमंत्री की जनसभा आयोजित हो सकती है। हालांकि जिला प्रशासन को अभी तक प्रधानमंत्री के दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम प्राप्त नहीं हुआ है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभा स्थल तक पहुंचने के लिए अस्थायी कट बनाने की संभावना पर भी चर्चा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन से एक दिन पहले हाईवे को बंद कर दिया जाएगा।
इसके अलावा हेलीपैड के आसपास बिजली की लाइनों और पोल हटाने तथा आसपास खड़े पेड़ों को हटाने पर भी विचार किया गया। अधिकारियों ने हेलीपैड के आसपास की भौगोलिक स्थिति का पैदल निरीक्षण किया ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो।
बताया जा रहा है कि सभा के बाद प्रधानमंत्री और अन्य वीआईपी एलिवेटेड रोड से होते हुए डाट काली मंदिर में दर्शन के लिए भी जा सकते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन एलिवेटेड रोड पर भी सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
इस शेड्यूल के अनुसार चल रही तैयारियां
संभावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर गणेशपुर के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा, जबकि दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर उतरेगा। यहां पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री कार से डाट काली मंदिर होते हुए देहरादून पहुंचेंगे और वहां जनसभा को संबोधित करेंगे। उसी दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गणेशपुर में जनसभा कर सकते हैं।