दौराला(मेरठ)। नगर पंचायत दौराला में प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पीड़ित द्वारा किस्त की रिकवरी के लिए दिए नोटिस के संबंध में ईओ से मुलाकात करने को लेकर फोन पर की गई बात की ऑडियो वायरल हो रही है। इसमें ईओ पीड़ित के साथ एक ठेकेदार से अभद्रता की गई है। ठेकेदार ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल के अलावा दौराला थाने में तहरीर देकर की है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर पंचायत दौराला में मकान बनाए जा रहे हैं। दो दिन पहले कस्बा निवासी इरशाद, शाकिर, वाजिद, महराज व मतलूब ने थाने में ईओ शैलेंद्र सिंह, सभासद के खिलाफ तहरीर देकर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया था। शुल्क न देने पर इनकी फाइनल किस्त रोक दी गई थी। वहीं ईओ ने मंगलवार को सभासद के खिलाफ तहरीर दी थी। इसके बाद ईओ दौराला ने मंगलवार को कस्बे के अन्य चार पात्र लोगों को अपात्र बताकर उन्हें रिकवरी के नोटिस जारी कर दिए। तीन दिन में पैसे न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। सरिता पत्नी दीपक का मकान दौराला सीमा से बाहर बताकर पहली किस्त के 50 हजार रुपये वापस करने के लिए नोटिस जारी किया था। बुधवार को दीपक जाखड़ ने ईओ दौराला डॉ. शैलेंद्र सिंह को फोन कर मिलने के लिए समय मांगा। दीपक के साथ ठेकेदार रवि चौधरी भी मौजूद थे। जब ठेकेदार ने ईओ से रुपये न देने पर मकान को सीमा से बाहर करने पर आपत्ति जताई तो ईओ ने दीपक और रवि से गाली गलौज शुरू कर अभद्रता की। ऑडियो वायरल होने के बाद दीपक जाखड़ के साथ रवि चौधरी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, दौराला थाने में ईओ के खिलाफ तहरीर दी गई है। इस संबंध में ईओ दौराला डॉ. शैलेंद्र सिंह ने कहा कि वे दीपक को नहीं जानते। लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
विधायक ने मुख्यमंत्री, डीएम को भेजा पत्र
प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी व अन्य मामलों को सरधना विधायक संगीत सोम ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने बुधवार को एसडीएम सरधना को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की जांच कराने की बात कहीं है। उन्होंने कहा कि लगातार दौराला नगर पंचायत के ईओ की शिकायत सामने आ रही है तत्काल इसकी जांच कराई जाए। इसके अलावा विधायक संगीत सोम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास मंत्री, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश, प्रमुख सचिव नगर विकास, जिलाधिकारी मेरठ को भी पत्र लिखकर मामले जांच कराएं जाने की मांग की है।
थाना प्रभारी ने जांच को भेजी शिकायत
दौराला थाने में ईओ व सभासद पर प्रधानमंत्री आवास योजना में पैसे न देने पर फाइनल किस्त रोकने का पांच लाभार्थियों ने आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। वहीं, ईओ ने भी इस मामले में कस्बे के तीन व एक सभासद पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी। बुधवार को थाना प्रभारी ने दोनों की तहरीर एसडीएम के यहां जांच के लिए भेज दी।