सरूरपुर(मेरठ)। थाना क्षेत्र के एक गांव में डॉक्टर से दवाई लेने गई किशोरी के साथ गांव में मोबाइल फोन रिचार्ज की दुकान करने वाले युवक ने तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़िता के पिता द्वारा सरूरपुर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार रात करीब आठ बजे उसकी नाबालिग पुत्री गांव में ही डॉक्टर से दवाई लेने गई थी। इसी दौरान वह मोबाइल फोन में रिचार्ज कराने के लिए एक दुकान पर रुकी। आरोप है कि दुकान संचालक किशोरी को घर के अंदर ले गया और तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं, घटना बताने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने घर पहुंचकर मामले की जानकारी दी। परिजनों ने बुधवार को आरोपी युवक के खिलाफ सरूरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, आरोपी घटना के बाद से फरार है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश दी गई है।