मेरठ। नमामि गंगे अभियान के तहत सोमवार को दिल्ली रोड स्थित नव भारत विद्यापीठ इंटर कॉलेज में पानी पंचायत का आयोजन कर जागरूकता कार्यक्रम किया गया। सारथी सोशल वेलफेयर सोसाइटी और जिला गंगा समिति मेरठ ने यह कार्यक्रम आयोजित किया।
संस्था अध्यक्ष कल्पना पांडेय ने सभी विद्यार्थियों को जल बचाने के उपाय बताए। उन्होंने नदियों के संरक्षण के लिए स्वच्छता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में शहीद मंगल पांडेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एनसीसी कैप्टन लता कुमार मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने सभी छात्रों को नदियों में प्लास्टिक, कूड़ा और कपड़े जैसी सामग्री न डालने की शपथ दिलाई। स्कूल प्रिंसिपल अजय शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. मंजू रानी, डॉ. नीता सक्सेना और संस्था से शिवम शर्मा भी मौजूद रहे।