मेरठ। नवरात्र में अष्टमी पर शहर के मंदिरों, क्लोज डोर कॉलोनियों और अन्य जगहों पर घरों में कन्या पूजन कर श्रद्धालुओं ने मैया को रिझाया। कन्याओं को घर पर बुलाकर चरण धोकर पूजन किया। हलवा पूरी का भोग लगाया गया। कन्याओं को उपहार भेंट किए गए। क्लोज डोर कॉलोनियों में भव्य आयोजन हुए।
छावनी स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर में पंडित अनूप मिश्रा ने मां की आरती और पूजन किया। सतीश सिंघल, मनोज अग्रवाल सहित समिति सदस्यों ने कन्याओं को भोग लगाया। इस अवसर पर ब्रजभूषण गुप्ता, धीरेंद्र सिंघल, सुधीर गुप्ता, अतुल अग्रवाल, अमरीश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, संजय बंसल, मुकेश गुप्ता, कैलाश बंसल रहे। वहीं, नौचंदी स्थित श्री बालाजी मंदिर में कन्या पूजन किया गया। आचार्य मनीष स्वामी ने कहा कि नौ देवियों को नौ कन्या स्वरूप मानकर पूजन के उपरांत ही नवरात्र के व्रत पूर्ण होते हैं। गुरु माता अलका स्वामी ने कन्याओं का तिलक कर प्रसाद, फल, दक्षिणा भेंट की। कन्या पूजन में अलका स्वामी, विशाखा, लक्ष्मी, योगेंद्र, ज्ञानेश्वर शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
- निर्जला उपवास कर मां दुर्गा को दी पुष्पांजलि
- बंगाली दुर्गाबाड़ी सोसाइटी सदर बाजार में अष्टमी पूजन किया गया। निर्जला उपवास कर मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित की गई। समिति के पूजा सचिव नोबेंदु राय चौधरी ने बताया कि दुर्गाबाड़ी में विशेष संधि पूजन किया गया। कमेटी के सदस्यों ने मां के सामने 108 दीप प्रज्ज्वलित कर मनोकामनाएं मांगीं। बंगाल से आए पुरोहित शिवप्रसाद ने पूजन किया। इस अवसर पर अभय मुखर्जी, अल्पना चक्रवर्ती, डॉ. सुब्रतो सेन, राजेश्वर डे, मानसी डे, नीतू सहित अन्य मौजूद रहे।
महिलाओं ने धुनूची नृत्य किया
नील गली सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हवन के बाद पुष्पांजलि समारोह हुआ। डॉ. संजीव अग्रवाल ने बताया कि समिति ने 200 यूनिट रक्तदान कराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर आयुक्त अमित कुमार सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार रहे। महिलाओं ने धुनूची नृत्य किया। इस अवसर पर आशुतोष अग्रवाल, सलीम खान, ईनाम अली, संजय, विमला, विश्वजीत, सुजीत, सनतपाल सहित अन्य उपस्थित रहे।