मोदीपुरम। प्रयागराज में 13 से 15 जून तक आयोजित देवेंद्र नाथ मेमोरियल योनेक्स सनराइज उत्तर प्रदेश राज्य रैंकिंग वेटरंस बैडमिंटन प्रतियोगिता में मेरठ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण और एक रजत सहित चार पदक हासिल किए।
55 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष युगल में मेरठ के प्रोफेसर अरुण कुमार ने जौनपुर के धर्मेंद्र शर्मा के साथ मिलकर फाइनल में लखनऊ के अनिल अग्रवाल और शिशिर सिंघल की जोड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। प्रो. अरुण कुमार ने पुरुष एकल वर्ग में भी रजत पदक हासिल किया, जबकि एकल वर्ग का स्वर्ण धर्मेंद्र शर्मा के नाम रहा।
70 वर्ष आयु वर्ग में मेरठ के डॉ. वीके मलिक ने पुरुष एकल और युगल दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। प्रतियोगिता में मेरठ के सुनील राणा, सुनील कुमार और सोमेश जैन ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव राजेश चौधरी और वरिष्ठ पदाधिकारी विशेष काकरान ने सभी विजेताओं को बधाई दी।
मोदीपुरम - प्रयागराज में बैडमिंटन में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी।