मुजफ्फरनगर। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शहर के आसपास पेपर मिलों पर छापा मारा। एक पेपर मिल में ईंधन के रूप में प्रयोग किये जा रहे एग्रोवेस्ट के साथ प्लास्टिक जलती पाई गई जबकि दूसरे पेपर मिल का एयर पॉल्यूशन कंट्रोल सिस्टम काम नहीं कर रहा था।
जनपद में 30 से अधिक पेपर मिल और एक हजार से अधिक विभिन्न प्रकार की औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। शहर से बाहर देहात क्षेत्र के लोगों की शिकायत आम है कि वायु प्रदूषण के कारण उन्हें अस्थमा सहित विभिन्न प्रकार की बीमारियां हो रही हैं। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को इस मामले में गंभीर कार्रवाई के निर्देश दिये गए हैं। शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों की टीम ने जौली रोड स्थित दो पेपर मिलों की जांच की।
बताया कि अल्पना पेपर मिल में ईंधन के रूप में प्रयुक्त एग्रोवेस्ट के साथ प्लास्टिक जलती पाई गई जबकि कृष्णांचल पेपर मिल में एयर पॉल्यूशन सिस्टम सही प्रकार से काम करता नहीं पाया गया। धुएं के लीकेज के कारण वह फैक्टरी में भी नीचे की ओर फैल रहा था। जिस पर दोनों पेपर मिल प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
एक सप्ताह में व्यवस्था बनाने के निर्देश: गीतेश चंद्र
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी गीतेश चंद्र ने बताया कि जांच के दौरान दो पेपर मिलों में वायु प्रदूषण नियंत्रण के मामले में अनियमितता पाई गई। दोनों को नोटिस जारी किया गया है। एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कदम न उठाने पर आगे की कार्रवाई के लिए चेतावनी जारी की गई है।