संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सोमवार को कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के निर्देशन में प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय में शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करने के लिए मॉक इंटरव्यू, पर्सनालिटी डेवलपमेंट और कम्युनिकेशन स्किल पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को रोजगारपरक कार्यक्रमों से जोड़ना आवश्यक है। प्लेसमेंट ड्राइव में ज्वारी ग्रुप लिमिटेड के तहत गोविंद शुगर मिल लखीमपुर खीरी के अधिकारी पहुंचे। ग्रेजुएट एग्रीकल्चर ट्रेनी पद के लिए 34 छात्र-छात्राओं में से 11 को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया। कंपनी की कंसल्टेंट फाजिया तारुणम ने छात्रों को शुगर उद्योग, उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। ड्राइव के अंत में चार छात्रों का चयन किया गया। इस दौरान निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट डॉ. आरएस सेंगर और एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता मौजूद रहे।