शहर की टूटी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए नगर निगम ने कार्य शुरू कर दिया है। लेकिन दूसरे विभागों की नींद अभी भी नहीं टूटी है। पीडब्लूडी के अधिकारी तो शहर की किसी को सड़क को अपनाने के लिए ही तैयार नहीं हैं। यही हाल एमडीए अधिकारियों का भी है।
अमर उजाला ने शहर की टूटी सड़कों को लेकर अभियान चलाया हुआ है। शहर में सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हैं। अमर उजाला ने घंटाघर से छतरीवाला पीर, खैरनगर और बच्चा पार्क तक के गड्ढों को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद नगर निगम प्रशासन की नींद टूटी। नगर निगम ने जहां घंटाघर से बच्चा पार्क तक की सड़क को सोमवार की रात में ही गड्ढा मुक्त करना शुरू कर दिया। वहीं मंगलवार को दिन भर एलआईसी रोड पर गड्ढा भरे गए। इतना ही नहीं डीआईजी कार्यालय के सामने और शारदा रोड पर भी सड़क के गड्ढे भरे गए। हालांकि शहर में अभी भी कई ऐसी सड़क हैं, जिनको नगर निगम को ही गड्ढा मुक्त करना है।
नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान का कहना है कि चीफ इंजीनियर को निर्देश दिए जा चुके हैं कि एक-एक सड़क का निरीक्षण करके गड्ढे देखे जाएं। निगम की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। सोमवार की रात से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का कार्य शुरू हो चुका है।