मेरठ। कोरोना टीकाकरण का दूसरा चरण शुक्रवार को पूरा हो गया। 3260 लाभार्थियों के लक्ष्य के मुकाबले 2366 का टीकाकरण हुआ। कुल प्रतिशत 72.6 रहा। इनमें 1248 पुरुष और 1118 महिलाएं रहीं। इस दौरान दो लोगों को परेशानी हुई। खरखौदा सीएचसी पर एक व्यक्ति को खुजली की समस्या हुई, जबकि कैंट अर्बन हेल्थ सेंटर पर एक व्यक्ति को उल्टी की शिकायत हुईं, जिसके बाद उन्हें 2 घंटे तक निगरानी में रखना पड़ा।
ठंड और कोहरे की चादर के बीच भी स्वास्थ्य कर्मियों और अधिकारियों का जोश कम नहीं था। पहले चरण का टीकाकरण सफल रहा था, इसलिए चेहरे बेखौफ होने के साथ कोरोना से निजात पाने की भी खुशी थी। इस बार 11 कोल्ड चेन के 17 केंद्रों पर 33 जगह टीकाकरण का आगाज हुआ और कोरोना वायरस को हराने की जंग शुरू हुई। टीका लगवाने के बाद कोरोना योद्धाओं ने कहा, कोरोना वैक्सीन सुरक्षित, अफवाहों से बचें।
वैक्सीन को दो से आठ डिग्री तापमान में रखा गया। कंधे से नीचे मांसपेशियों में .05 मिली का टीका लगाया गया। इन सभी ने टीका लगवाने के बाद खुद को बेहतर बताया। यह सत्र पूरा होने के बाद लाभार्थियों के लिए 28 दिन बाद 19 फरवरी को फिर सत्र आयोजित किया जाएगा और इनको दूसरा टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण से पहले पूरी जानकारी की जाएगी। इसके बाद ही उनको टीका लगाया गया।
------
स्थान लक्ष्य टीकाकरण
मेडिकल-आनंद अस्पताल 700 456
सुभारती अस्पताल 476 355
जिला व डफरिन अस्पताल 285 216
एएनएमटीसी (ब्रह्मपुरी) 200 88
कैंट स्वास्थ्य केंद्र 182 137
जाकिर कॉलोनी 119 64
मवाना व शास्त्री नर्सिंग होम 190 200
सरधना 200 157
भावनपुर-रजपुरा-आईआईएमटी अस्पताल 400 269
खरखौदा 408 351
परीक्षितगढ़ 100 73
-----
तीसरा 28 चौथा चरण 29 जनवरी को
मेरठ। तीसरा और चौथा चरण 28 व 29 जनवरी को होगा, जिसमें 32-32 सत्र होंगे। जो लाभार्थी रह गए हैं उन्हें अगले चरण में शामिल किया जा सकता है। यह सत्र पूरे होने के बाद इसी तरह इनको 28-28 दिन बाद फिर सत्र आयोजित किए जाएंगे और इनको दूसरे टीके लगाए जाएंगे।