फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीईटी : जिले में कल में 48 केंद्रों पर होगी परीक्षा

विज्ञापन
विज्ञापन
- 25 और 30 अक्तूबर और एक नवंबर को तीन दिन दो पालियों में होगा आयोजन
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) लखनऊ की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की शुरुआत शनिवार 25 अक्तूबर से होगी। मेरठ में परीक्षा के लिए 48 केंद्र तैयार किए गए हैं। तीन दिन तक दो पालियों में होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 25 और 30 अक्तूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षार्थियों की पहचान, तलाशी और प्रवेश प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि प्रत्येक दिन परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। पहली पाली के लिए सुबह आठ बजे से 9:30 बजे तक और दूसरी पाली के लिए दोपहर एक बजे से 2:30 बजे तक प्रवेश मिलेगा। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर प्रतिबंध
किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाली प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। तलाशी के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला कार्मिक और पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष कार्मिक करेंगे। परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रवेशपत्र के साथ पहचान पत्र और दो फोटो जरूरी
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को डाउनलोड किया हुआ प्रवेशपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा फोटोयुक्त पहचानपत्र अथवा मूल आधार कार्ड भी रखना होगा। अभ्यर्थियों को नवीनतम पासपोर्ट आकार की दो फोटो भी साथ लानी होंगी। केंद्रों पर दस्तावेजों की जांच और पहचान सत्यापन के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले प्रवेशपत्र, पहचानपत्र और फोटो सहित सभी जरूरी दस्तावेज जांच लें, ताकि केंद्र पर पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो।
100 प्रश्नों के जवाब ओएमआर शीट पर देने होंगे
यह परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी। इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और अभ्यर्थियों को उत्तर ओएमआर शीट पर देने होंगे। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में 24 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षकों की तैनाती रहेगी। केंद्र व्यवस्थापकों को बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण और परीक्षा से जुड़ी अन्य प्रक्रियाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

सीसीटीवी से रखी जाएगी नजर
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही परीक्षार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए फोटो और आइरिस स्कैन के माध्यम से बायोमेट्रिक डाटा भी लिया जाएगा। केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा शुरू होने से पहले निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या न आए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें