मवाना नगर में रामलीला कमेटियों को प्रशासन से अनुमति न मिलने पर पदाधिकारी एसडीएम से मिले। रोष जताने के बाद उपजिलाधिकारी ने तीनों रामलीलाओं के लिए अनुमति पत्र जारी कर दिए। इससे आयोजकों में संतोष देखा गया।
एसडीएम से मिले रामलीला कमेटी पदाधिकारी, अनुमति हुई जारी
विज्ञापन
मवाना। नगर में तीन स्थानों पर चल रही रामलीलाओं को प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं मिलने पर तीनों रामलीलाओं के कमेटी पदाधिकारी एसडीएम से मिले और रोष व्यक्त किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी द्वारा तीनों रामलीलाओं को अनुमति पत्र जारी करा दिए।
नगर पालिका के निकट रामलीला मैदान, जूनियर हाई स्कूल के निकट मैदान और गुड मंडी में रामलीलाओं का मंचन होता है। नगर पालिका के निकट रामलीला मैदान में कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा है। वहीं गुड मंडी और जूनियर हाई स्कूल के निकट मैदान में पर्दे पर लीला दिखाई जा रही है।
विज्ञापन
तीनों ही स्थानों पर पारंपरिक तरीके से लीलाएं हो रही हैं लेकिन इस बार अभी तक प्रशासन की ओर से इन लीलाओं का अनुमति नहीं दी। इसके संबंध में भगवान श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष व पालिका चेयरमैन अखिल कौशिक, राजेंद्र चौहान, चंद्रशेखर आजाद, श्रीरामलीला एवं शिव मंदिर कमेटी की ओर से अध्यक्ष सौरभ शर्मा व श्री आदर्श रामलीला कमेटी के प्रधान सुभाष चंद गाब्बा थाने में एसडीएम संतोष कुमार सिंह से मिले।
पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग एक माह पूर्व अनुमति के लिए पत्र दिए जा चुके हैं लेकिन अभी तक रामलीलाओं के लिए अनुमति नहीं दी गई है, जो बहुत ही अधिक खेदजनक है। बीते वर्षों में पहले ही अनुमति मिल जाती थी। उन्होंने अनुमति नहीं मिलने पर रामलीलाओं का मंचन बंद करने की चेतावनी दी। इसके तुरंत बाद एसडीएम कर्मचारी को आदेश पर अनुमति पत्र जारी करा दिया गया।