मवाना। थाना किठौर के गांव जड़ौदा निवासी ग्रामीणों ने तहसीलदार को दिए पत्र में कहा कि कुएं की जमीन पर शिव मंदिर का निर्माण करना चाहते हैं। गांव में पांच घर दूसरे समुदाय के हैं जो शिव मंदिर के निर्माण में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। मंदिर का निर्माण नहीं होने पर गांव छोड़ने की चेतावनी दी है।
गांव जड़ौदा निवासी रकमराज, धर्मपाल, अरविंद, धर्मराज, अरुण कुमार धर्मेंद्र, सीतेराम, केशपाल, ऋषिपाल, भीम सिंह, गौतम, धनपाल आदि ने तहसीलदार निरंकार सिंह को दिए पत्र में बताया कि गांव में 35-40 गज जमीन कुएं की है। इस पर ग्रामीण शिव मंदिर का निर्माण करना चाहते हैं। जिसकी बुनियाद भरी हुई है। गांव में कोई शिव मंदिर नहीं है। पूजा आदि करने के लिए दूसरे गांव में जाना पड़ता है। पांच घर दूसरे समुदाय के हैं जो मंदिर निर्माण में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। शेष दूसरे समुदाय के लोगों को कोई आपत्ति नहीं है। गांव में 7-8 मस्जिद हैं। यदि शिव मंदिर का निर्माण नहीं करने दिया गया तो वह लोग गांव छोड़ने के लिए विवश होंगे। पत्र में शिव मंदिर निर्माण की अनुमति दिलाए जाने की मांग की है।