माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कांवड़-यात्रा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से लगातार तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सोमवार को मुख्य सचिव और डीजीपी ने कमिश्नरी में बैठक कर दिशा-निर्देश भी दिए। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के साथ ही जनजीवन को सामान्य बनाए रखने के लिए पूरा खाका तैयार किया जा रहा है। वहीं इस बार माना जा रहा है कि नमो भारत और मेट्रो ट्रेन से शहर के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा आदि जगह नौकरी के लिए जाने वाले लोग ट्रेन से गंतव्य स्थल पहुंच सकेंगे।
नमो भारत रैपिड ट्रेन के चलने से मेरठ को रफ्तार मिली है। दिल्ली रोड पर शहर के भीतर मेट्रो स्टेशन से भी लोग यात्रा कर रहे हैं। नमो भारत के जहां शहर में चार तो वहीं मेट्रो के 13 स्टेशन हैं। यह पहली कांवड़ यात्रा होगी, जब दोनों ट्रेन का संचालन हुआ है। इससे पहले यातायात व्यवस्था बनाने के लिए रूट वन वे कर दिया जाता था, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती थी। हर साल कांवड़ यात्रा के दौरान रोडवेज बसें भी गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा आदि के लिए वाया हापुड़ घुमाकर निकाली जाती हैं। इससे दूरी बढ़ने के साथ ही किराया भी बढ़ जाता है। इस बार शहर के लोगों को इन समस्याओं से राहत मिलना तय है। वे इन ट्रेनों के जरिए आसानी से सफर कर सकेंगे।