स्मार्ट मीटरों में भी लोगों ने लगाई सेंध
मेरठ। सुरक्षित और बिजली चोरी को नाकाम करने वाले मीटर का तमगा हासिल करने वाले स्मार्ट मीटर में भी मेरठी उपभोक्ताओं ने सेंधमारी कर दी। शुक्रवार को चेकिंग में पांच उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी करते पकड़े गए। पांचों के खिलाफ कंकरखेड़ा बिजली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। स्मार्ट मीटर में भी बिजली चोरी का जुगाड़ मिलने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने इसके खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
इलेक्ट्रानिक मीटरों में शंट या रिमोर्ट सेंसिंग डिवाइस के जरिये बिजली चोरी के मामलों को रोकने के लिए सरकार स्मार्ट मीटर लगा रही है। ईईएसएल कंपनी का दावा है कि स्मार्ट मीटर में किसी भी तरह की बिजली चोरी का प्रयास विफल हो जाता है। शहर के हाई लॉस फीडर शाहपीर गेट में एक सूचना पर अवर अभियंता श्रीपाल सिंह सागर ने टीम के साथ पांच उपभोक्ताओं के यहां छापा मारा। यहां स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी होते देख टीम के पैरों तले से जमीन खिसक गई।
एसडीओ सुशील कुमार ने बताया कि शाहपीर गेट निवासी शब्बीर अहमद, हबीब मुगनी, डॉ. चांद बरानी, पूर्वा अब्दुल वाली गली निवासी उस्मान और अब्दुल रज्जाक के यहां टीम को स्मार्ट मीटर में सेंधमारी कर बिजली चोरी होते हुए मिली। विभाग ने पांचों के खिलाफ कंकरखेड़ा बिजली थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
ऐसे कर रहे थे बिजली चोरी
आरोपियों ने स्मार्ट मीटर के बॉक्स और टर्मिनल प्लेट की सील तोड़कर उसमें चार तार का केबल लगा रखा था। केबल के दो तार इनकमिंग और दो केबल आउटगोइंग एंड पर लगे थे। घर में दो एमसीबी लगी थी। एक एमसीबी मीटर से बिजली लेने के लिए और दूसरी एमसीबी डायरेक्ट बिजली प्रयोग करने के लिए थी। इन उपभोक्ताओं का बिल लोड से बेहद कम आ रहा था। बिजली चोरी का शक होने पर विभाग ने इसकी पड़ताल की तो मामले का पता लगा। शुक्रवार को विभागीय टीम ने छापा मारकर मामले को पकड़ा। एसडीओ ने बताया उपभोक्ताओं के यहां पिछले साल दिसंबर में स्मार्ट मीटर लगे थे। तभी से यह बिजली चोरी को अंजाम दे रहे थे।