उत्तर प्रदेश के शामली में रविवार को जमातियों के संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी करने 'डोर टू डोर' सर्वे करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम का लोगों ने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से मना कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जिम्मेदार लोगों को काफी समझाने के बाद दोबारा से सर्वे कार्य शुरू कराया।
दिल्ली रोड स्थित मस्जिद में आसाम से आई जमात में शामिल एक जमाती दो दिन पहले शुक्रवार की रात सैंपल की जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित पाया गया था। संक्रमित जमाती को कोविड अस्पताल झिंझाना में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। बाकी 10 जमाती को क्वारंटीन वार्ड में शिफ्ट किया गया है।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने मस्जिद के एक किलोमीटर के एरिया में 'डोर टू डोर' सर्वे शुरू किया। टीम जब सर्वे करने पहुंची तो कुछ लोगों ने एक गली में विरोध करते हुए किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया। इस पर टीम ने इसकी जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और समाज के जिम्मेदार लोगों की मदद से लोगों को समझाया। इसके बाद सर्वे कार्य शुरू हुआ।
स्वास्थ्य अधिकारियो ने बताया कि सर्वे के लिये 26 टीमें लगाई गई हैं। सर्वे टीम इस बात की जानकारी कर रही है कि मस्जिद में आई जमात के संपर्क में कौन लोग आए और किसी को बुखार, खांसी व जुकाम तो नहीं है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/