यूपी के सहारनपुर में दो किशोरों की डायल 100 के पुलिसकर्मियों की लापरवाही से हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुस्साए लोगों का आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने रोड को जाम कर दिया। उन्होंने आरोपी पुलिस कर्मियों को बर्खास्त कर मुकदमा दर्ज कराने के लिए जमकर नारेबाजी की। उन्हें कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम खोला गया।
बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े 12 बजे हुई दुर्घटना में डायल-100 के पुलिसकर्मियों के सामने आए अमानवीय चेहरे को लेकर लोगों में भरा हुआ गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। करीब एक बजे लोग मृतक युवकों के घर पर पहुंचे, वहां से एकत्रित होकर भारत माता चौक पर पहुंचे और चारों ओर बेरिकेडिंग लगाकर रास्ते बंद कर दिया।
पढ़ें : तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, इंजीनियर समेत 2 की मौत, दो घायल
भारत माता चौक पर लोगों ने जमकर नारेबाजी की और तीनों आरोपी पुलिस कर्मियों को नौकरी से बर्खास्त करने की मांग की। लोगों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की भी मांग की। इस दौरान लोगों के गुस्से को देखते हुए पुलिस को भी अपने कदम पीछे हटाने पड़े। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का भी लोगों ने घेराव किया। उनकी लोगों के साथ नोकझोंक हुई। करीब एक घंटे तक भारत माता चौक पर जाम लगा रहा। डीएम और एसएसपी के सामने भी लोगों ने जमकर नारेबाजी की। कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देने के बाद लोगों ने जाम खोला।
घर को अकेला ही चला रहा था छात्र सन्नी
पिता कैंसर से पीड़ित और लाचार, छोटी-छोटी दो बहनें, बहनों के साथ-साथ अपनी पढ़ाई और फिर पूरे घर का खर्चा। मकान का किराया। इस सबकी जिम्मेदारी अकेले सन्नी पर थी। दसवीं की पढ़ाई के साथ महिला सूटों पर एंब्राइडरी का काम कर रहा था। अब पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। प्रवीण गुप्ता का इकलौता पुत्र सन्नी गुप्ता जेवी जैन इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। उसके दो छोटी बहनें भी हैं। उसके पिता प्रवीण गुप्ता गले के कैंसर से पीड़ित हैं। मां गृहणी है। प्रवीण एंब्रायडरी करके अपने घर का खर्च चला रहा था। घर पर मशीन लगा रखी थी और बाजार से सूट लाकर उन पर कढ़ाई करता था। उसी से अपनी बहनों की पढ़ाई और अपनी पढ़ाई का खर्च चला रहा था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/