मेरठ। मौसम में तेजी से बदलाव का सीधा असर सेहत पर पड़ने लगा है। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। इसी के साथ जकड़न और शरीर में दर्द की परेशानी भी बढ़ने लगी है। चिकित्सक बच्चे, बुजुर्गों व रोगियों को बदलते मौसम में ऐहतियात बरतने का मशविरा दे रहे हैं। तबियत गड़बड़ होने पर चिकित्सक को दिखाकर ही दवा लें।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डा. योगेश अग्रवाल ने बताया कि सुबह-शाम ठंड और दोपहर में तेज धूप के कारण बीमारियां बढ़ने लगी है। सूखी खांसी और शरीर में जकड़न के साथ बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। वे कहते हैं कि मौसम में बदलाव के कारण रोगियों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में खान-पान का ध्यान रखने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस मौसम में स्वस्थ व्यक्ति भी चलने पर हांफने लगते हैं। ऐसे में छाती व हृदय रोगियों के लिए यह स्थिति और खतरनाक है। सुबह-शाम की ठंड के कारण जकड़न की परेशानियां भी लोगों में बढ़ रही हैं।
वरिष्ठ फिजिशियन डा. एमके बंसल ने बताया कि चिकना, तला-भुना और मसालेदार भोजन छोड़कर हल्का और सुपाच्य आहार लें। शुगर और बीपी के मरीज नियमित दवा लें और अपनी जांच कराते रहें। वे कहते हैं कि इस मौसम में सही डाइट अहम भूमिका निभाती है। लाल मिर्च, मैदा, फास्ट फूड और मीठे पेय से दूरी बनाना जरूरी है। मल्टीग्रेन आटा, अलग-अलग कोल्ड प्रेस्ड तेल, मौसमी फल-सब्जियां, मेवे और हल्का प्रोटीन दिल को मजबूत रखते हैं। वे कहते हैं कि इन दिनों चिकना, तला-भुना भोजन न लेकर दही, मट्ठा, फल, सलाद व नट्स आदि का सेवन करें।