सैनी समाज ने समारोह आयोजित कर किया मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। सैनी समाज की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं का समारोह का आयोजन किया गया। इसमें हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में 94 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले समाज के आठ मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं होता। यदि जज्बा और मेहनत से प्रयास किए जाएं तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
मोहल्ला हीरा लाल स्थित सैनी धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने किया। उन्होंने सैनी समाज के साथ अपने पारिवारिक व ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल तक इस समाज ने हमेशा राष्ट्रहित और विचारधारा का मजबूती से समर्थन किया है। उन्होंने फलावदा और मवाना क्षेत्र से जुड़े अपने पुराने संस्मरण भी साझा किए।
राज्य मंत्री ने छात्रों को निरंतर कड़ा परिश्रम करने और शिक्षा के माध्यम से देश व समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही वे आज इस मुकाम पर हैं और समाज की हर मांग व आदेश को पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता रही है। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं कविता सैनी, वंशिका उपाध्याय, सोनिया सैनी, ऊषा सैनी, सलोनी सैनी, विनय सैनी, अलका सैनी और हर्षिता सैनी को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न सम्मानित किया गया। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश कौशिक, फलावदा नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक सैनी, हरपाल सैनी, सुधा चौहान, सुनीता सैनी, सुभाष दीक्षित, रामपाल सैनी, अनिल फौजी, चरणसिंह और मुकेश सैनी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अध्यक्षता रामपाल सैनी और मंच का संचालन राम निवास सैनी द्वारा किया गया।