मेरठ के परतापुर में सोमवार शाम मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई। यहां मां-बाप ने तीन माह की मासूम को पॉलिथिन में बंदकर सड़क किनारे मरने के लिए छोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल बच्ची स्वस्थ है, पुलिस मां-बाप की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार घटना क्षेत्र के गगोल रोड स्थित कैलाश डेरी के सामने नाले के पास की है। यहां एक प्लास्टिक बैग से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर कुछ लोग वहां रुक गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया।
यह भी पढ़ें: कोरोना ने दूरी बढ़ाई, शादी में मामा न ताई, मेजबान से मेहमान तक में संक्रमण का खौफ
एसओ सतीश कुमार फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए ठंड और भूख से तड़प रही तीन माह की मासूम को तौलिए में लपेटकर गोद में उठाया। इसके बाद वह पुलिस टीम के साथ बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और बच्ची को तुरंत उपचार दिलवाया।
घटनास्थल पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। लोगों का कहना था कि कन्या घर की लक्ष्मी होती है, ऐसा करने वाली मां का दिल कितना कठोर होगा कि वह अपने बच्चे को इस तरह मरने के लिए छोड़ गई।
एसओ सतीश कुमार का कहना है कि बच्ची अस्पताल में है, उसकी स्थिति बेहतर है। पुलिस नजर रखे हुए है, आरोपी महिला की तलाश की जा रही है और घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।