पेपर आउट या नकल कराने वालों पर लगेगा रासुका
मेरठ। पेपर आउट करने या कराने वालों और नकल कराने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव आरके तिवारी और प्रमुख सचिव अनुराधा शुक्ला ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने हिदायत दी है कि परीक्षा के दौरान कोई भी व्यक्ति परीक्षा कक्ष में डिजिटल उपकरण लेकर प्रवेश नहीं करेगा। वह सिर्फ सामान्य फोन रख सकता है। इसके अलावा जो कॉपियां मिसिंग नंबर की हैं, उन्हें सील करके रखा जाए। साथ ही कहा कि परीक्षा कक्ष में उत्तर पुस्तिकाएं रखी हुई मिल रही हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए।
3461 ने छोड़ी सामाजिक विज्ञान की परीक्षा
मेरठ। हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 3461 परीक्षार्थियों ने छोड़ दी। 42 हजार 976 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 39 हजार 515 उपस्थित रहे। अनुपस्थित रहने वालों में 2643 बालक और 818 बालिका रहीं। पेपर सामान्य रहा। सवाल पूछे गए कि लोकतंत्र के बाधक तत्व कौन-कौन से हैं। भारत केसंघीय राज्यों के नाम बताएं आदि। वहीं, इंटरमीडिएट में अधिकोषण तत्व का पेपर था, जिसमें 955 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 21 अनुपस्थित रहे।
तीन विद्यालयों की जांच जारी
मेरठ। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में ‘उम्र में खेल’ मामलों की जांच की जा रही है। विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड में उम्र के फर्क के खेल की जांच तीन सदस्यीय दो टीमें कर रही हैं। जिन विद्यार्थियों की जांच की जा रही है, वह हस्तिनापुर, ललियाना और परतापुर के विद्यालय के हैं।