संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गढ़ रोड सिसौली स्थित फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी में चल रहे अंडर-14 महावीर क्रिकेट कप का बृहस्पतिवार को समापन हो गया है। फाइनल मुकाबला पंचवटी क्रिकेट एकेडमी और फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी की टीम के बीच हुआ। इसमें पंचवटी एकेडमी ने जीत हासिल की।
फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 31 ओवर में सभी विकेट खोकर पंचवटी एकेडमी को मात्र 71 रनों का लक्ष्य दिया। इसमें संस्कार ने 14, गौरांग व कुशाग्र ने 11-11 रन बनाए। पंचवटी एकेडमी के गेंदबाज नव्या ने तीन, सालिक ने दो, आर्यन और लविश ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंचवटी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 19.5 ओवर में चार विकेट खोकर 71 रन बनाकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। इसमें सालिक ने 24 व हर्ष राणा ने 18 रन बनाए। फ्रेंड्स एकेडमी के गेंदबाज वर्षा, प्रतीक को एक-एक विकेट मिला। मैन ऑफ द मैच नव्या को चुना गया। मैन ऑफ द सीरीज पंचवटी के हर्ष राणा को चुना गया। इस मौके पर कोच चेतन रतूड़ी, कोच उमेश कुमार ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।