मेरठ। भाजपा की क्षेत्रीय कार्यालय हरमन सिटी में शुक्रवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बैठक हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री और पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी जेपीएस राठौर ने कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी। इसलिए कार्यकर्ता पूरे जोश से जुट जाएं।
जेपीएस राठौर ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पहले की भांति होंगे। इसलिए कार्यकर्ता समन्वय बनाकर चुनाव जीतने के लिए काम करें। सभी को समर्पित होकर काम करना है। बैठक में प्रांतीय सह संगठन महामंत्री कर्मवीर ने निर्देश दिए कि पंचायत चुनाव के संयोजक व मंडलों के अध्यक्ष भी तैयारी में जुट जाएं। गांव-गांव हर बूथ पर जाएं और जातीय समीकरण के बारे में लोगों से बातचीत कर पार्टी को रिपोर्ट दें।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनुज राठी ने की तथा संचालन संजीव जैन सिक्का ने किया। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, हरिओम शर्मा, इंद्रपाल बजरंगी, विनोद चौधरी, भंवर सिंह तोमर, अंकुर मुखिया, शर्माजीत जाटव, अतुल त्यागी, पंकज भारद्वाज, राजकुमार शर्मा रहे। इसके पश्चात क्षेत्रीय प्रभारी जेपीएस राठौर प्रख्यात कवि हरिओम पंवार के आवास पर पहुंचे तथा यहां काफी देर तक बातचीत की।