संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। आचार्य भारत भूषण के पावन सानिध्य में श्री पार्श्वनाथ चौबीसी दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित होने वाले श्री मज्ज जिनेंद्र पंच कल्याणक महोत्सव की विस्तृत जानकारी आचार्य ने दी।
आचार्य भारत भूषण महाराज साहिब ने बताया कि पंच कल्याणक महोत्सव पाषाण को परमात्मा के रूप में प्रतिष्ठित करने का दिव्य आयोजन है, जिसमें उत्कृष्ट विद्वानों के साथ-साथ पुण्यशाली जीवात्माओं का सानिध्य प्राप्त होता है। यह भव्य एवं ऐतिहासिक महोत्सव आगामी 23 फरवरी से 1 मार्च तक सरधना के रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
25 फरवरी को भगवान के जन्म कल्याणक के अवसर पर पूरे नगर में भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रीसंघ के श्रद्धालु शामिल होंगे। प्रतिदिन रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आचार्य ने बताया कि 26 फरवरी को विशेष जुलूस निकाला जाएगा। 1 मार्च को भगवान की प्रतिष्ठा का कार्यक्रम जिन मंदिर में संपन्न होगा। इस मौके पर सागर जैन, पंकज कालका, अरिहंत जैन, आलोक जैन, लोकेश जैन, अक्षत जैन आदि उपस्थित रहे।