मटौरा निवासी पेंटर मुकेश कुमार का पांच वर्षीय पुत्र वैभव मंगलवार सुबह सवा आठ बजे परिवार के तीन-चार बच्चों के साथ गांव में ही स्थित स्कूल के लिए चला था। बच्चे जैसे ही रास्ते में पहुंचे तो गांव मीवा निवासी एक व्यक्ति ई-रिक्शा को लापरवाही से चलाते हुए पहुंचा।
ई-रिक्शा की टक्कर वैभव को लगी तो हड़बड़ाहट में ई-रिक्शा के चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए। इससे ई-रिक्शा वैभव के ऊपर पलट गया। चालक मौके से भाग गया। साथ वाले बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और ई-रिक्शा के नीचे दबे वैभव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
हादसे में बच्चे की मौत का पता चलते ही परिवार के लोग बिलखने लगे। वे अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में बच्चे का शव सड़क पर रखकर मवाना-जयसिंहपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना पुलिस और सीओ अभिषेक पटेल पहुंचे। जाम लगा रहें लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जाम लगा रहे लोगों ने तुरंत आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरु कर दिया।