संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव बस्तौरा नारंग के मोहल्ला पाहड़पुर में ट्रांसफार्मर फुंकने से दो दिनों से बिजली ठप है। बिजली नहीं आने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने के कारण गुरुद्वारा में श्रद्धालुओं को अंधेरे में ही अरदास करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि अचानक ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से पूरे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। शिकायत के बावजूद अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। बिजली ठप होने से घरों में पानी की मोटर नहीं चल पा रही है, मोबाइल चार्ज करने तक में दिक्कत आ रही है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
हरभजन सिंह, परमजीत सिंह, जोगिंदर सिंह, सेवा सिंह, बलवंत सिंह, हरजीत सिंह, जरनैल सिंह और करतार सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इसी ट्रांसफार्मर से गांव के गुरुद्वारा साहिब की विद्युत आपूर्ति भी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। उन्होंने शीघ्र समाधान की मांग की है।
उधर, विद्युत उपखंड केंद्र हस्तिनापुर के जेई सतीश कुमार ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रविवार को नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।