सुरक्षा और कार्रवाई की मांग के लिए एसपी सिटी से मिलते व्यापारी और भाजपा नेता। स्रोत स्वयं
- फोटो : samvad
भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा व व्यापारी नेता अजय गुप्ता के साथ व्यापारियों ने मंगलवार को एसपी सिटी से उनके कार्यालय में पहुंचकर वार्ता की। व्यापारियों ने विभिन्न आपराधिक घटनाओं में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भगत सिंह मार्केट के आसपास मिश्रित आबादी है। पीएसी हटाने से यहां फिर से तनाव व मारपीट की घटना होने लगी हैं। एसपी सिटी ने भगत सिंह मार्केट में फिर से पीएसी की तैनाती का आश्वासन दिया है।
कमलदत्त शर्मा ने बताया कि नौचंदी थानाक्षेत्र के भगत सिंह मार्केट में व्यापारी आलोक गर्ग का जनरल स्टोर है। उनका बेटा आकाश गर्ग 15 मार्च को दुकान बंद कराने के लिए आया था। तभी दुकान के बाहर खड़ी उसकी स्कूटी पर दो युवक बैठ गए। आकाश ने स्टैंड टूटने की बात कहकर उन्हें उठने के लिए कहा। इसी पर उस पर हमला किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने 20 से अधिक साथियों को बुलाकर पिता-पुत्र को घेर लिया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव व्याप्त हो गया था। इसके चलते मौके पर पीएसी तैनात की गई थी। पीएसी हटाने से व्यापारियों में नाराजगी है। उन्होंने फिर पीएसी तैनाती की मांग की।
इस अलावा काशी गांव में दलित पर हुए हमले के मामले में आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की मांग की। नौचंदी थाना क्षेत्र में दुकानदार पवन गर्ग के बेटे पर हुए हमले और उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आने के मामले में जानलेवा हमले की धारा में कार्रवाई की मांग की गई। व्यापारी नेता अजय गुप्ता ने भी वैशाली कॉलोनी में हनुमान मंदिर में हुई चोरी के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान दलजीत सिंह, अंकुर गोयल, हेमंत चावला, आलोक गर्ग, अतुल खुराना और मनोज भी मौजूद थे।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि व्यापारियों को बाजारों की सुरक्षा और मजबूत करने का आश्वासन दिया गया है। भगत सिंह मार्केट में पीएसी कैंप करेगी। पीएसी के जवानों के रुकने के लिए सरकारी स्कूल में व्यवस्था की जा रही है। शाम के समय थाना पुलिस बाजारों में पैदल भ्रमण करेगी। उन्होंने अन्य घटनाओं में भी कार्रवाई का आश्वासन दिया।