संवाद न्यूज एजेंसी हीमपुर दीपा (बिजनौर)। दहेज में ट्रैक्टर, कार और दस लाख नकद मांगने पर पीएसी के जवान और परिवार के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। लड़की के पिता का कहना है कि उन्होंने अंगूठी की रस्म पर बुलेट बाइक एवं ढाई लाख रुपये दिए थे। मगर, अब लड़के वालों ने मांग बढ़ाते हुए रिश्ता तोड़ दिया है। हीमपुर दीपा थाने के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी पुत्री का विवाह अक्षित लांबा पुत्र संजीव कुमार निवासी हल्ला नंगला थाना चांदपुर से तय किया था। अक्षित पीएसी में है और वर्तमान में सहारनपुर में तैनात है। पीड़ित का कहना है कि अक्तूबर में अंगूठी की रस्म पर उन्होंने बुलेट बाइक, सोने की अंगूठी, चेन, 2.51 लाख रुपये नकद दिए थे।
आरोप है कि रस्म के कुछ समय बाद से ही लड़के पक्ष के लोग दहेज में ट्रैक्टर, कार और दस लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। काफी समझाने पर भी वे नहीं माने। रिश्तेदारों के माध्यम से भी उनको समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे सुनने को तैयार नहीं हैं।
रिश्ता करने से मना कर रहे है। पुलिस ने लड़की के पिता की तहरीर पर आरोपी अक्षित लांबा, उसके पिता संजीव कुमार, चाचा नरेंद्र और परिवार के चार अन्य महिला-पुरुषों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।