शिव गिरी महाराज जिन्होंने एस डी एम से ओवर लोड गन्नों के ट्रकों पर कार्रवाई की मांग की। (मवाना)
- फोटो : अमर उजाला
मवाना। मखदूमपुर मार्ग पर नहर पुल पर मंगलवार दोपहर तीन बजे गन्ने से लदा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक कार और एक रेहड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। एक बाइक सवार बहसूमा निवासी सोनू मामूली रूप से घायल हुआ। जिस स्थान पर ट्रक पलटा वहां महाशिवरात्रि पर लगने वाले शिविर की तैयारियां चल रही थीं। गनीमत रही कि वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया।
अलीपुर मोरना स्थित गन्ना क्रय केंद्र से मवाना शुगर मिल के लिए गन्ना लेकर जा रहा ओवरलोड ट्रक नवजीवन किसान डिग्री कॉलेज के पास पुल पर मुड़ते समय पलट गया। ट्रक की चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ी एक कार और चाट की रेहड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रेहड़ी चालक बबलू सैनी बाल-बाल बच गए। ट्रक मालिक के वहां पहुंचने और नुकसान की भरपाई के आश्वासन पर मामला सुलझ गया। किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहन कई बार हादसों को न्योता दे चुके हैं। पुलिस-प्रशासन द्वारा इन पर अंकुश लगाने में ढिलाई बरती जा रही है। महाशिवरात्रि पर शिविर लगाने वाले शिव गिरी महाराज ने एसडीएम से फोन पर ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि ओवरलोड गन्ने से लदे ट्रकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
शिव गिरी महाराज जिन्होंने एस डी एम से ओवर लोड गन्नों के ट्रकों पर कार्रवाई की मांग की। (मवाना)- फोटो : अमर उजाला