रोहटा। गांव डूंगर में जहरीली शराब से तीन ग्रामीणों की मौत के बाद थाना पुलिस ने चार आरोपियों को जेल भेज दिया। हालांकि आबकारी विभाग ने ठोस कार्रवाई नहीं की है। ऐसे में ग्रामीण आबकारी विभाग के अधिकारियों पर शराब तस्करों से साठगांठ का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने हंगामा प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
जहरीली शराब पीने से डूंगर गांव में तीन लोगों की जान जा चुकी है जबकि चार लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों में आबकारी विभाग द्वारा क्षेत्र में ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब कांड के आरोपियों ने भी पुलिस को अवैध शराब के कारोबार की जानकारी दी है। हालांकि आबकारी कर्मचारी शराब तस्करों से साठगांठ करने में लगे हैं। वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि आबकारी विभाग शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं करेगा तो ग्रामीण एकत्र होकर कमिश्नरी पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। हालांकि रोहटा पुलिस ने शराब कांड के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, आबकारी अधिकारियों ने शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के शराब तस्कर आबकारी निरीक्षक से साठगांठ करने में लगे हैं।
वहीं, भाजपा नेता एवं पूर्व एमएलसी चौधरी जगत सिंह ने शुक्रवार को गांव डूंगर पहुंचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना देकर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन से शराब कांड में कार्रवाई कर शराब तस्करों के खिलाफ छापेमारी कर जेल भेजने की मांग की। वहीं, भाजपा नेता मुखिया गुर्जर ने भी जहरीली शराब से मरने वालों के परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।