चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर, सीओ को सौंपी जांच
शामली। झिंझाना के गांव खानपुर कला में दबिश देने गई पुलिस का विरोध कर आरोपी को छुड़ाने के मामले में एसपी ने अहमदगढ़ चौकी इंचार्ज एसआई दिग्विजय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। प्रकरण की जांच सीओ कैराना जितेंद्र कुमार को सौंपी है।
सोमवार को बाइक चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस का महिलाओं ने विरोध किया था। पुलिस से धक्कामुक्की कर आरोपी को छुड़ा लिया गया था। मामले में महिलाओं में पुलिस पर मारपीट एवं हवाई फायर करने का आरोप लगाया था। घटना में तीन महिलाओं के घायल होने की बात कही गई थी। उधर इस मामले में पुलिस का कहना था कि गांव में गई पुलिस का महिलाओं ने विरोध किया था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी वहां से भाग निकला था। लापरवाही मानते हुए एसपी विनीत जायसवाल ने चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच सीओ कैराना को सौंपी गई है।