- मवाना रोड स्थित सलारपुर-जलालपुर से दौराला तक का कार्य पूरा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए आउटर रिंग रोड परियोजना ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने तीन चरणों में सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया। मवाना रोड स्थित सलारपुर-जलालपुर से दौराला तक का कार्य पूरा हो गया है।
दरअसल सलारपुर-जलालपुर से परीक्षतगढ़ रोड, हापुड़ रोड और फिर दिल्ली एक्सप्रेसवे तक कार्य अटका हुआ था। यह अब शुरू किया गया है। परियोजना का इसका एक चरण पहले ही पूरा किया जा चुका है। यह हिस्सा यातायात के लिए उपलब्ध है। इससे मवाना और दौराला की ओर जाने वाले वाहनों को सुविधा मिली है। शहर के अंदर वाहनों का दबाव भी थोड़ा कम हुआ है। सभी चरणों के पूरा होने पर मेरठ के चारों ओर रिंग रोड होगा। यह विभिन्न राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों को जोड़ेगा। इससे दिल्ली, देहरादून, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर की ओर जाने वाले वाहन बिना शहर में प्रवेश किए सीधे गंतव्य तक जा सकेंगे।
आउटर रिंग रोड पर जाने के लिए इंटरचेंज का कार्य शुरू
आउटर रिंग रोड से शहर के व्यस्त चौराहों पर राहत मिलेगी। वर्तमान में ट्रक और डंपर जैसे भारी वाहन शहर के भीतर से गुजरते हैं। इससे जाम की समस्या बनी रहती है। आउटर रिंग रोड पूरा होने पर इन वाहनों का रुख बाहरी मार्ग की ओर होगा। इससे शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव काफी कम हो जाएगा। आउटर रिंग रोड पर जाने के लिए इंटरचेंज का कार्य भी शुरू कराया जा रहा है।