मेरठ। प्रांतीय नौचंदी मेला पटेल मंडप में वंदना म्यूजिकल ग्रुप द्वारा फोक एवं सूफी सोंग म्यूजिकल नाइट कार्यक्रम हुआ। वंदना मिश्रा ने हमरी यूपी की आलिशान बार शब्दों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान तबले, गिटार के साथ विभिन्न वाद्य यंत्रों पर कलाकारों ने समां बांधा।
कार्यक्रम में लोक गायिका वंदना मिश्रा ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने गिरी नंदिनी गीत यानी पर्वत की पुत्री गीत के साथ अपनी प्रस्तुति आरंभ की। कार्यक्रम मोहे लगी श्याम संग प्रीत दुनिया क्या जाने गीत को सुनकर सभी मंत्रमुग्ध हो गए। नौचंदी मेले में एक तरफ दुकानें भी शुरू हो गई। देर रात लोगों का आना भी आरंभ हो गया है। रविवार से नौचंदी मेले में मछली नृत्य भी आरंभ हो जाएगा। यह भी मेले में आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस दौरान आलोक सिसोदिया, संजय जैन, सरबजीत कपूर, नरेंद्र राष्ट्रवादी, नासिर सैफी, अंकुर गोयल आदि मौजूद रहे।
गीत संगीत से सभी को किया सम्मोहित
वंदना मिश्रा ने अपने गीतों में मैं दरवाजा खुला छोड़ आई, हाए नींद के मारे और मेरे रश्के कमर युवाओं के लिए गीत प्रस्तुत किया। हमारी यूपी की बात आलीशान बा गीत को सुनकर सभी श्रोता झूम उठे। आलीशान बा पंक्तियों को सुनकर संचालन समिति ने भी खड़े होकर ताली बजाई।
अब मेरठ से लखनऊ भी दूर नहीं ...
- कला संस्कृति को मिल रही मेरठ में पहचान
मेरठ। नौचंदी में आई लोक गायिका वंदना मिश्रा ने बताया कि उन्होंने राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान, दिल्ली में भाजपा के लिए गीत गाए। इतना ही नहीं उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पुरस्कार प्राप्त हुए। यह पहला मौका नहीं जब वह मेरठ आई हैं। उन्होंने बताया कि वह पूर्व में भी सालों से नौचंदी मेले में आती रही हैं। उन्होंने अमर उजाला से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए बताया कि अब दिल्ली तो दूर थी नहीं लखनऊ भी दूर नहीं है।
वंदना मिश्रा ने बताया कि वह उस समय से मेरठ के नौचंदी मेले में आ रही हैं जब आने और जाने में दो दिन का समय लगता था। अब समय के साथ विकास कार्य प्रगति पर है। मेरठ का इस बार अलग ही स्वरूप देखने को मिला है। दिल्ली से मेरठ आते हुए रैपिड़, फ्लाईओवर सब कुछ बदल गया है। मेरठ का यह मेला हिंदू मुस्लिम एकता का प्रतीक है। कलाकारों को भी इस तरह के आयोजनों में आकर उत्साह मिलता है। जब गंगा युमना तहजीब एकसाथ देखने को मिलती है। कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित लोगों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। ब्यूरो