एडीएम ने एसडीएम और लोकनिर्माण विभाग को संयुक्त जांच करने के आदेश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पंचायत खिवाई में मुख्य मार्ग पर कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य में अनियमितताओं के आरोपों की जांच के आदेश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने इस संबंध में एसडीएम सरधना और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को संयुक्त जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।
नगर पंचायत खिवाई वार्ड-14 के सभासद मोहम्मद आरिफ चौहान ने एक जुलाई को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया था कि वार्ड 12, 13, 14 और 15 के मुख्य मार्ग पर बनाए जा रहे नाले में मानकों की अनदेखी कर घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। उनका आरोप है कि ठेकेदार धांधली छिपाने के लिए रात के समय निर्माण कार्य करा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि सरियों के नीचे कंक्रीट की जगह पत्थर और ईंट के रोड़े डालकर निर्माण किया जा रहा है। विरोध करने पर ठेकेदार और उसके कर्मचारी मौके से चले गए।
सभासद ने नगर पंचायत कार्यालय निर्माण में करीब ढाई करोड़ रुपये के प्रस्तावित खर्च में सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने पहले जनसुनवाई पोर्टल और डीएम से भी शिकायत की थी, लेकिन नगर पंचायत की ओर से तथ्यों को छिपाते हुए शिकायत का निस्तारण कर दिया गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह ने 14 जुलाई को जारी पत्र में शिकायत के सभी बिंदुओं की संयुक्त एवं निष्पक्ष जांच कर स्पष्ट तथ्यात्मक रिपोर्ट संस्तुति सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई तय होगी।