इस्लामाबाद क्षेत्र में भारी जलभराव की आशंका हुई उत्पन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। भारतीय किसान यूनियन किसान सभा की बैठक मोहल्ला इस्लामाबाद में आयोजित की गई। अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष चौधरी निखिल राव ने की।
इस्लामाबाद मोहल्ले के निवासियों ने शिकायत की कि नई बस्ती के कुछ व्यक्ति अपनी बस्ती की नाली का गंदा पानी इस्लामाबाद के ऐतिहासिक तालाब में जबरन डालने का प्रयास कर रहे हैं। यह वही तालाब है जो वर्षों से क्षेत्र की प्राकृतिक जल निकासी का प्रमुख माध्यम रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 30 वर्षों से नई बस्ती की नाली का पानी पास के पुराने नाले में ही डाला जाता रहा है, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच संतुलन बना हुआ था लेकिन अब कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा तालाब में नाली का गंदा पानी डालने की कोशिश की जा रही है, जिससे पूरे इस्लामाबाद क्षेत्र में भारी जलभराव की आशंका उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया तो तालाब के आसपास स्थित कब्रिस्तान, सरकारी प्राथमिक विद्यालय, सरकारी स्वास्थ्य केंद्र और लगभग 200 मकान जलमग्न हो सकते हैं। तालाब पहले ही वर्षा जल से भर चुका है, ऐसे में अतिरिक्त नाली का पानी आसपास की आबादी के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। जिला अध्यक्ष चौधरी निखिल राव ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन व नगर पालिका ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
उन्होंने घोषणा की कि 11 नवंबर को संगठन के कार्यकर्ता एवं मोहल्ले के नागरिक इस्लामाबाद से सरधना तहसील तक पदयात्रा करेंगे तथा एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। नगर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों पर प्रतिदिन लगने वाला जाम आम जनता के लिए नासूर बन चुका है। स्कूल जाने वाले बच्चे, कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारी, व्यापारी वर्ग और यहां तक कि एंबुलेंस जैसी आपात सेवाएं भी इससे प्रभावित हो रही हैं। बैठक में अहसान, मनोज पाल, सहरोज मलिक, उस्मान, सरफराज, साजिद जफर मौजूद रहे।