सरूरपुर। भूनी चौराहे पर भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत का स्वागत करते कार्यकर्ता। संवाद
-बोले- सरकार का रवैया तानाशाही जैसा, दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन करेगी भाकियू
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर (मेरठ)। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों और केंद्र सरकार के रवैये को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन प्रदर्शनकारियों के मुकाबले पुलिस की अधिक तैनाती सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करती है। वह रविवार को लावड़ में एक क्रिकेट एकेडमी का उद्धाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान भूनी चौराहे पर उनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
नरेश टिकैत ने कहा कि जंतर-मंतर पर धरने के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सरकार का यह रवैया ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। किसानों की समस्याओं और जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठाना जरूरी है। यदि सरकार ने अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं किया तो भाकियू आगे आंदोलन का रास्ता अपना सकती है। नरेश टिकैत ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच दो लड़कियों के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
टिकैत ने दिल्ली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो भाकियू आंदोलन करने पर विचार करेगी। भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर संगठन पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने संकेत दिए कि सरकार के रवैये और प्रदर्शनकारियों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर संगठन आगे अपनी रणनीति तय करेगा। इस दौरान राजकुमार करनावल, अशफाक प्रधान, मशरूफ प्रधान, उज्जवल, शेरु, मांगेराम, मोनू, कृष्णपाल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।