मेरठ महोत्सव में गंगा बैले नृत्य की प्रस्तुति देने पहुंची अभिनेत्री सांसद हेमा मालिनी
बोलीं, साउथ का सिनेमा बेहतर कंटेंट दे रहा, बॉलीवुड भी करे मेहनत
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। प्रख्यात अभिनेत्री व सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि हम संसद में हर मुद्दे पर बहस करना चाहते हैं, मगर विपक्ष नहीं चाहता कि संसद चले। अयोध्या में रामलला विराजमान हो गए, मथुरा में श्रीकृष्ण कब विराजमान होंगे के सवाल पर उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन में पहले से ही श्रीकृष्ण विराजमान हैं। वहां कण-कण में श्रीकृष्ण हैं।
मथुरा की सांसद अभिनेत्री हेमा मालिनी रविवार को मेरठ महोत्सव में गंगा को स्वच्छ रखने के संदेश के साथ गंगा बैले नृत्य की प्रस्तुति देने मेरठ पहुंचीं। डांस की प्रस्तुति से पहले उन्होंने विक्टोरिया पार्क में पत्रकारों से वार्ता की। बॉलीवुड पर दक्षिण सिनेमा हावी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो बेहतर होगा, वही बिकता है। दक्षिण भारत वाले अधिक मेहनत और अच्छा दर्शकों को दिखा रहे हैं, तो वह बिक रहा है। उनका कंटेंट अच्छा है। बॉलीवुड को भी प्रयास करना चाहिए कि वह भी बेहतर सिनेमा दे।
नदियों को स्वच्छ रखना हमारा धर्म
हेमा मालिनी ने कहा कि नदियों को स्वच्छ रखना हमारा धर्म है। यदि हम नदियों को स्वच्छ नहीं रखेंगे, तो भावी पीढ़ी स्वच्छ पानी को तरस जाएगी। गंगा बैले डांस के जरिए गंगा को स्वच्छ रखने का संदेश देना ही उनका उद्देश्य है। यहां आकर पता चला कि यहां गंगा-यमुना का दोआब संगम है। यहां गंगा है और मैं मथुरा की सांसद हूं। वहां यमुना है, मैं नदियों के स्वच्छता का संदेश देना चाहती हूं।
उन्होंने कहा कि मेरठ महोत्सव से भी स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। मेरठ से मेरा पहले कोई नाता नहीं था लेकिन आज यहां आकर महोत्सव में अच्छा लगा और मेरी प्रस्तुति गंगा के स्वच्छता को लेकर ही है। हमें गंगा और यमुना के साथ उनकी सहायक नदियों का स्वच्छ रखना होगा। तभी हम स्वच्छ जल पी सकते हैं। अपने शहर से ही स्वच्छता का संकल्प हम सभी को लेना चाहिए।
मेरठ महोत्सव में पहुंची अभिनेत्री सांसद हेमा मालिनी पत्रकारों से वार्ता करते हुmए