चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी ओपन मेरिट को लेकर बुधवार को बैठक करेगी। अभी पांचवीं मेरिट से कॉलेजों में एडमिशन चल रहे हैं। मंगलवार को समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने विवि में हंगामा किया। ओपन मेरिट जारी करने में जल्दबाजी का विरोध किया। कहा, इससे कॉलेज मनमाने तरीके से एडमिशन करेंगे। विवि के अधिकारी ओपन मेरिट कब जारी की जाएगी और किन शर्तों के साथ, इस पर मंथन करेंगे। उधर, विवि ने बुधवार से सत्र शुरू करने का सर्कुलर जारी कर दिया।
समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश सचिव अनुज जावला के नेतृत्व में छात्रों ने विवि में प्रदर्शन किया। छात्रों ने कहा कि आधी सीट ओपन मेरिट से भरने की बात कही जा रही है। ओपन मेरिट का मतलब कॉलेजों को एडमिशन में मनमानी करने का मौका देना है। विवि एडमिशन प्रक्रिया कॉलेजों को ही सौंप दे। इसके अलावा बीएससी फर्स्ट ईयर में फेल छात्रों का मामला उठाया गया। मूल्यांकन पर सवाल खड़े किए। करीब 40 छात्रों की मार्कशीट रजिस्ट्रार को दिखाई। रजिस्ट्रार दीप चंद्र ने कहा कि ओपन मेरिट को लेकर बुधवार को बैठक होगी। वह सशर्त जारी की जाएगी। ऐसी कंडीशन लगाई जाएगी कि एडमिशन में गड़बड़ी न हो। प्रदर्शन करने वालों में सम्राट मलिक, अभिनव, मोहित और प्रतीक आदि शामिल रहे।
रजिस्ट्रेशन पहुंचे 19 हजार
सेल्फ फाइनेंस और प्रोफेशनल कोर्सेज के रजिस्ट्रेशन ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को संख्या 19 हजार के पार पहुंच गई। ग्रेजुएशन के रजिस्ट्रेशन में सबसे अधिक बीए में 8436 हुए हैं। बीकॉम में 5128 और बीएससी में 2779 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। प्रोफेशनल कोर्स में रजिस्ट्रेशन कम ही हो रहे हैं। पीजी के रजिस्ट्रेशन एक-दो दिन में शुरू होने की उम्मीद है।
इवनिंग क्लास के लिए सूचना मांगी
विवि ने कॉलेजों से इवनिंग क्लास के लिए सूचना मांगी है। विषयवार शिक्षकों की संख्या, कमरों की संख्या, एडमिशन की संख्या, टाइम टेबिल और संचालित कोर्स के बारे में जानकारी मांगी है। जो कॉलेज यह जानकारी नहीं भेजेंगे, उनको इवनिंग क्लास के लिए कंसीडर नहीं किया जाएगा।